Vol. 79 No. 4 (2026): अगस्त 2026
यह अंक कृषि, ग्रामीण आजीविका, नवाचार और टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जुड़े विविध विषयों को समाहित करता है। इस अंक में कृषि को केवल उत्पादन का माध्यम न मानकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था, उद्यमिता, डिजिटल तकनीक और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से जोड़ते हुए समसामयिक एवं उपयोगी जानकारी प्रस्तुत की गई है।
अंक का प्रमुख आलेख ‘कृषि उद्यमिता से ग्रामीण भारत में आजीविका सुरक्षा’ कृषि आधारित उद्यमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के नए अवसरों पर प्रकाश डालता है। ‘नई किस्म-पूसा जवाहर संकर मक्का-2’ में मक्का की नई उन्नत किस्म की प्रमुख विशेषताओं और संभावनाओं की जानकारी दी गई है। वहीं ‘भारत विस्तार-डिजिटल कृषि का नया आयाम’ डिजिटल तकनीकों के माध्यम से किसानों तक कृषि संबंधी ज्ञान, परामर्श और सेवाएँ पहुँचाने की दिशा में हो रहे प्रयासों को रेखांकित करता है।
मत्स्य संसाधनों के संरक्षण के लिए सामुदायिक भागीदारी, भेड़-बकरियों के उत्पादों में मूल्य संवर्धन तथा टिकाऊ खेती के लिए स्थायी क्यारी रोपण जैसे विषय कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में व्यावहारिक और पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को सामने लाते हैं। ‘बहुउपयोगी वृक्ष है बुरांश’ में इस उपयोगी वृक्ष के विभिन्न महत्वों की जानकारी दी गई है। खाद्यान्न फसलों में संतुलित उर्वरक प्रबंधन बेहतर उत्पादकता और मृदा स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करता है।
इसके अतिरिक्त, समुद्री शैवाल की खेती से आय के नए स्रोत, मधुमक्खी संरक्षण में उपयोगी सूक्ष्म शैवाल तथा अगस्त माह के प्रमुख कृषि कार्यों से संबंधित सामग्री किसानों और कृषि हितधारकों के लिए उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान करती है। यह अंक ज्ञान, नवाचार और टिकाऊ कृषि के माध्यम से समृद्ध एवं आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत की दिशा में सार्थक जानकारी उपलब्ध करवाता है।