Vol. 47 No. 6 (2026): नवम्बर-दिसम्बर 2026
बागवानी आज केवल फल, फूल एवं सब्जियों के उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों की आय बढ़ाने, उद्यमिता विकास और प्रकृति से जुड़ने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम बन गई है। ‘फल-फूल’ के नवंबर-दिसंबर, 2026 अंक में बागवानी के विभिन्न पहलुओं से जुड़ी उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक जानकारी प्रस्तुत की गई है। पुष्प उत्पादन में रुचि रखने वाले पाठकों के लिए एल्स्ट्रोमीरिया के व्यावसायिक गुणों, खाद्य पुष्पों के बढ़ते महत्व तथा एडेनियम उत्पादन से आय वृद्धि की जानकारी दी गई है। वहीं, बायोफिलिक डिजाइन के माध्यम से शहरी जीवन को प्रकृति के करीब लाने के प्रयासों पर प्रकाश डाला गया है।
फल एवं सब्जी उत्पादकों के लिए कटहल के गुणकारी उत्पादों, टमाटर की संरक्षित खेती, लीची बागानों में छत्रक प्रबंधन, शुष्क क्षेत्रों के लिए उपयुक्त कलिंगड़ा तथा मीटर फली के लाभकारी उत्पादन से संबंधित लेख शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही लहसुन के रोगों और सब्जी एवं फल फसलों में मिलीबग के प्रबंधन की जानकारी किसानों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है। धनिया उत्पादन से उद्यमिता विकास और प्राकृतिक रंग की बहुउपयोगी फसल सिंदूर से संबंधित लेख बागवानी में आय की नई संभावनाओं से परिचित कराते हैं। वहीं, बहुमूल्य फल भमोरा, औषधीय गुणों से भरपूर तिमूर तथा पर्वतीय बागवानी में जापानी फल के बढ़ते महत्व पर आधारित लेख कम प्रचलित बागवानी फसलों के प्रति पाठकों की रुचि बढ़ाते हैं। इसके अतिरिक्त, नवंबर-दिसंबर में किए जाने वाले प्रमुख बागवानी कार्यों की जानकारी भी दी गई है। आशा है कि यह अंक किसानों, बागवानी उद्यमियों एवं बागवानी प्रेमियों के लिए उपयोगी और प्रेरणादायी सिद्ध होगा।